विज्ञापन दें / सहयोग करें

धमतरी में वाटर एंबुलेंस से 50 किमी का सफर अब सिर्फ 7 किमी, गंगरेल डुबान के 32 गांवों को मिली बड़ी सौगात

नईदुनिया प्रतिनिधि, धमतरी। स्वास्थ्य सुविधा के लिए जंगल, उबड़-खाबड़ व पहाड़ मार्ग से अस्पताल तक पहुंचना डुबानवासियों के लिए चुनौती भरा है, लेकिन कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की पहल ने घंटों का काम मिनटों में कर दिया है।

50 किलोमीटर की दूरी जलमार्ग से अब सिर्फ सात किलोमीटर रह गया है, जिसे वाटर एंबुलेंस से सिर्फ 45 मिनट में पार कर लिया जाएगा और समय पर जरूरतमंद मरीजों को स्वास्थ्य सुविधा मिलना शुरू हो जाएगा। पूरे डुबानवासियों के लिए जल मार्ग एक बड़ी उपलब्धि होगा। जिसे कभी किसी ने सोचा भी नहीं था, इसे धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सोचकर डुबानवासियों के लिए जलमार्ग को वरदान साबित कर दिया है।

बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध

जिले के दूरस्थ एवं डुबान प्रभावित क्षेत्रों में निवासरत ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए गंगरेल बांध क्षेत्र में वाटर एंबुलेंस सेवा की शुरुआत की गई है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज डुबान क्षेत्र के विभिन्न गांवों का सघन दौरा कर ग्रामीणों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

दूरी घटकर लगभग सात किलोमीटर

कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि डुबान क्षेत्र के ग्रामीणों को अब तक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर उपचार मिलना चुनौतीपूर्ण हो जाता था। इस समस्या के निराकरण के लिए शुरू की गई वाटर एंबुलेंस सेवा के माध्यम से अब ग्रामीणों को त्वरित एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। पहले जहां जिला मुख्यालय तक पहुंचने में लगभग 50 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी, वहीं अब जलमार्ग के माध्यम से यह दूरी घटकर लगभग सात किलोमीटर रह जाएगी।

वाटर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध होने से डुबान क्षेत्र के ग्राम चिखली, माटेगहन, मोंगरागहन, मोंगरी, उरपुटी, कोड़ेगांव बी, कोड़ेगांव रैय्यत समेत कई गांवों के ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा।

हजारों ग्रामीणों को मिलेगा लाभ

इस सेवा से सात पंचायतों के करीब 32 गांवों के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। वाटर एंबुलेंस के माध्यम से मरीजों को लगभग 45 मिनट में धमतरी पहुंचाया जा सकेगा, जिससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि आपातकालीन स्थिति में जीवन रक्षा भी संभव हो सकेगी। इस सेवा के सुचारू संचालन के लिए शीघ्र ही टोल फ्री नंबर भी जारी किया जाएगा।

कलेक्टर ने कहा कि यह पहल केवल एक परिवहन सुविधा नहीं, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के लिए जीवनरक्षक सेवा है। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि अंतिम छोर पर बसे व्यक्ति तक भी स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आवश्यक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए। आने वाले समय में इस सेवा का विस्तार कर इसे और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाया जाएगा।

जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव

कलेक्टर ने बताया कि डुबान क्षेत्र के ग्रामीणों को लंबे समय से स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। वाटर एंबुलेंस सेवा के माध्यम से हमने इस दूरी को कम करने का प्रयास किया है। हमारा लक्ष्य है कि आपात स्थिति में किसी भी व्यक्ति को उपचार के अभाव में परेशानी न हो। यह सेवा निश्चित रूप से क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएगी।


Source link

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button