बालोद से नाबालिग को अपहरण कर हैदराबाद ले गए: महिला समेत 3 आरोपी को 5 साल की सजा; SC/ST एक्ट के तहत दर्ज था मामला – Balod News
छत्तीसगढ़ के बालोद जिला न्यायालय के प्रधान विशेष सत्र न्यायाधीश एसएल नवरत्न ने अनुसूचित जाति, जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से संबंधित एक मामले में तीन आरोपियों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई है।
.
न्यायालय से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी छन्नू राम साहू (35), ललिता साहू (30) और बीरेन्द्र कुमार साहू (33) को भारतीय दंड संहिता की धारा 365, 34 के तहत 5 साल का सश्रम कारावास और 1-1 हजार रुपए अर्थदंड से दंडित किया गया।
इसके अलावा अनुसूचित जाति, जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(2)(vA) के तहत भी 5 साल का सश्रम कारावास और 1-1 हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई गई।
जानिए क्या है पूरा मामला?
विशेष लोक अभियोजक (एट्रोसिटी) पुष्पदेव साहू के मुताबिक, मामले में पीड़िता की मां ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें बताया गया था कि 15 नवंबर 2020 को दोपहर 12.30 बजे नाबालिग बेटी धार्मिक कार्यक्रम में जाने की बात कहकर घर से निकली थी। लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी।
हैदराबाद से नाबालिग को किया था बरामद
रिश्तेदारों और आसपास तलाश करने के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो थाने में मामला दर्ज कराया गया। मामले की जांच के दौरान सूचना के आधार पर पुलिस टीम को हैदराबाद भेजा गया।
जहां से नाबालिग को छन्नू राम और ललिता साहू के कब्जे से बरामद किया गया। पीड़िता के बयान और जांच के बाद पुलिस ने चालान पेश किया गया। जिस पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने तीनों आरोपियों को दोषी पाते हुए सजा सुनाई है।
Source link













