3200 करोड़ के शराब घोटाले में 22 अफसर सस्पेंड: 88 करोड़ रुपए कमीशन कमाया, इतने पैसे 60 साल की नौकरी में भी न मिलते – Raipur News
ईओडब्ल्यू की चार्जशीट पेश होने के बाद सरकार की कार्रवाई
.
पिछली सरकार में हुए 3200 करोड़ के शराब घोटाले में करीब 88 करोड़ रुपए का कमीशन पाने वाले 22 आबकारी अफसरों को निलंबित कर दिया गया। कोर्ट में ईओडब्ल्यू की चार्जशीट पेश होने के 85 घंटे के बाद सरकार ने इनका निलंबन आदेश जारी कर दिया। इतना ही नहीं इन सभी अफसरों की जगह नए अधिकारियों की भी नियुक्ति कर दी गई है। इनमें ज्यादातर अफसर परिवीक्षाधीन हैं।
सभी से कहा गया है कि 24 घंटे के भीतर जहां तबादला हुआ है, वहां पहुंचकर कामकाज संभाल लें। प्रदेश के सबसे बड़े आबकारी घोटाले में 4 उपायुक्त, 13 सहायक आयुक्त, 9 जिला अधिकारी, 3 सहायक जिला आबकारी अधिकारी शामिल हैं। इन सभी को प्रति पेटी में औसतन 3.36% कमीशन मिलता था।
इसमें सात अफसर ऐसे भी हैं जो रिटायर हो गए हैं और एक ही मौत हो गई है। दैनिक भास्कर की पड़ताल में पता चला कि आबकारी उपायुक्त को हर महीने लगभग 2 लाख, सहायक उपायुक्त को 1.50 लाख, जिला आबकारी अधिकारी को 1.25 लाख और सहायक आबकारी अधिकारी को 1 लाख रुपए सैलरी मिलती है।
ईओडब्ल्यू ने जो चार्जशीट पेश की है, उसके अनुसार इन अफसरों को जितना कमीशन मिला है, वे आने वाले 60 साल तक भी काम करते तो उन्हें इतनी सैलरी नहीं मिलती। चालान के अनुसार आबकारी उपायुक्त नोहर ठाकुर को सबसे ज्यादा कमीशन 11.55 करोड़ मिला है। उन्होंने 3 साल में इतना कमीशन पा लिया जितना उन्हें 60 साल नौकरी करने के बाद भी इतना वेतन नहीं मिलता। नीतू नोतानी का कमीशन 42 साल के वेतन के बराबर है।
महिला अफसर भी कमीशन लेने में पीछे नहीं,निरीक्षकों को गवाह बनाया : आबकारी विभाग में पुरुष ही नहीं महिला अफसर भी जमकर कमीशन लेती थीं। तीन महिला अधिकारी के नाम चार्जशीट में दर्ज हैं।
इसमें नीतू नोतानी उपायुक्त को 7.78 करोड़, सोनल नेताम सहायक आयुक्त को 53 लाख और मंजुश्री कसेर जिला आबकारी अधिकारी को 1.63 करोड़ रुपए कमीशन मिला है। आबकारी निरीक्षकों को भी कमीशन का हिस्सा जाता था। क्योंकि दुकानों से कैश कलेक्शन करने का काम प्लेसमेंट एजेंसी के कर्मचारियों के साथ वही करते थे।
ईओडब्ल्यू ने इन आबकारी निरीक्षकों को आरोपी बनाने के बजाय उन्हें सरकारी गवाह बना लिया। यही वजह है कि एक भी आबकारी निरीक्षक बतौर आरोपी चार्जशीट में शामिल नहीं है।
कार्रवाई… इन अफसरों को किया गया निलंबित विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार आबकारी आयुक्त अनिमेष नेताम, अरविंद कुमार पाटले, नीतू नोतानी, नोहर सिंह ठाकुर और विजय सेन शर्मा सहित आबकारी अधिकारी मोहित कुमार जायसवाल, गरीबपाल सिंह दर्दी, इकबाल अहमद खान, जनार्दन सिंह कौरव, नितिन खंडूजा, प्रमोद कुमार नेताम, विकास कुमार गोस्वामी, नवीन प्रताप सिंह तोमर, राजेश जायसवाल, मंजुश्री कसेर, दिनकर वासनिक, आशीष कोसम, सौरभ बख्शी, प्रकाश पाल, रामकृष्ण मिश्रा, अलेख राम सिदार और सोनल नेताम को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत निलंबित किया गया है।
Source link











