दुर्ग में 200 परिवारों की सनातन धर्म में घर वापसी: जगतगुरु नरेंद्राचार्य बोले- कांग्रेस शासन में बढ़ा धर्मांतरण, लालच देकर धर्म बदलवाने का आरोप – durg-bhilai News
दुर्ग जिले में आयोजित एक धार्मिक समारोह में जगद्गुरु रामानंदाचार्य नरेंद्राचार्य महाराज ने धर्मांतरण और ‘घर-वापसी’ को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिए। इस दौरान 200 परिवारों ने सनातन धर्म में वापसी की। इन परिवारों ने दावा किया कि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य और आर्थिक लाभ का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराया गया था। समारोह में शामिल हुए इन परिवारों ने बताया कि अपेक्षित लाभ नहीं मिलने के बाद उन्होंने पुनः सनातन धर्म अपनाने का निर्णय लिया। जगद्गुरु नरेंद्राचार्य ने मीडिया से चर्चा करते हुए यह भी दावा किया कि कांग्रेस शासनकाल में धर्मांतरण की घटनाएं अधिक हुईं। मानपुर-मोहला जिले के ताम्रध्वज मेरिया ने बताया कि लगभग एक वर्ष पहले उन्हें बेहतर स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता का भरोसा दिलाकर धर्म परिवर्तन कराया गया था। उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन के बाद उन्हें न तो स्वास्थ्य संबंधी कोई लाभ मिला और न ही आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। बाद में जगद्गुरु नरेंद्राचार्य की एक पुस्तक पढ़ने के बाद उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ स्वेच्छा से सनातन धर्म में वापसी की। इसी तरह चैन सिंह ने जानकारी दी कि उनकी पत्नी और बेटी की तबीयत खराब रहती थी। इस दौरान कुछ लोगों ने प्रार्थना और दुआ के माध्यम से बीमारी दूर होने का दावा किया, जिसके कारण वे उनके संपर्क में आए। उन्होंने बताया कि इसके बावजूद परिवार की स्थिति में सुधार नहीं हुआ और बाद में उनकी पत्नी और बेटी का निधन हो गया। इसके बाद उन्होंने अपने मूल धर्म में लौटने का फैसला किया। बालोद जिले के नलकसा निवासी जैत राम गावड़े ने भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण धर्म परिवर्तन करने और बाद में अपेक्षित लाभ नहीं मिलने पर ‘घर-वापसी’ करने की बात कही। समारोह में कई अन्य लोगों ने भी इसी तरह के अनुभव साझा किए। नरेंद्राचार्य महाराज बोले- कांग्रेस शासनकाल में धर्मांतरण की घटनाएं बढ़ी जगद्गुरु श्रीमद रामानंदाचार्य नरेंद्राचार्य महाराज ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में धर्मांतरण की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक संरक्षण के कारण हिंदू समाज को नुकसान पहुंचा और वोट बैंक की राजनीति ने इस समस्या को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हिंदू समाज को उम्मीद है कि उसकी परंपराओं और संस्कृति के संरक्षण के लिए अधिक प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से स्कूलों के पाठ्यक्रम में भारतीय संस्कृति, सनातन इतिहास और पूर्वजों की गौरवशाली परंपराओं को शामिल करने की मांग भी की। आदिवासी और पिछड़े क्षेत्रों को बताया संवेदनशील नरेंद्राचार्य ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कई आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा और धार्मिक जागरूकता का स्तर अपेक्षाकृत कम है। ऐसे क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर प्रभावित करने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों को विशेष रूप से जागरूक करने की आवश्यकता है। उन्होंने धर्मगुरुओं और सरकार दोनों से इस दिशा में गंभीर प्रयास करने की अपील की। 200 परिवारों की घर-वापसी, वैदिक विधि से हुआ शुद्धिकरण दुर्ग के पुलगांव स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर परिसर में आयोजित इस एक दिवसीय समारोह में करीब 200 परिवारों ने पुनः सनातन धर्म अपनाया। जगद्गुरु नरेंद्राचार्य के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच इन परिवारों का शुद्धिकरण और पुनर्प्रवेश कार्यक्रम संपन्न हुआ। जगद्गुरु श्री ने बताया कि घर-वापसी की प्रक्रिया के तहत शास्त्रसम्मत विधि से प्रायश्चित, गणेश पूजन, भगवान विष्णु पूजन और गौ पूजन कराया जाता है। इसके बाद श्रद्धालुओं को रामनाम की माला प्रदान कर सनातन जीवन मूल्यों के अनुसार जीवन जीने का संदेश दिया जाता है। आयोजकों के अनुसार जगद्गुरु श्री ने लोगों की समस्याएं सुनकर आध्यात्मिक और जीवनोपयोगी समाधान बताए। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने इसे अपने जीवन का महत्वपूर्ण अवसर बताया। सैकड़ों साधकों ने ग्रहण की दीक्षा समारोह में सैकड़ों साधकों ने भी दीक्षा ग्रहण कर धर्म, साधना और आध्यात्मिक जीवन के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। आयोजन स्थल पर दिनभर धार्मिक वातावरण बना रहा और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। सेवा कार्यों का भी किया गया उल्लेख कार्यक्रम में जगद्गुरु श्री की प्रेरणा से संचालित विभिन्न सामाजिक और लोककल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। संस्थान द्वारा निःशुल्क अन्नदान, आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को शिक्षा, रक्तदान शिविर, निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा, पर्यावरण संरक्षण और चिकित्सा सेवाओं सहित कई सामाजिक कार्य संचालित किए जा रहे हैं। आयोजकों ने बताया कि संस्थान द्वारा अब तक बड़ी संख्या में घर-वापसी कार्यक्रम, देहदान और रक्तदान अभियान संचालित किए गए हैं। पशु-पक्षियों के लिए जलस्थल निर्माण जैसे कार्य भी किए जा रहे हैं। बड़ी संख्या में संत, पदाधिकारी और श्रद्धालु रहे उपस्थित समारोह में सच्चिदानंद उपासने, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, रामानंद संप्रदाय छत्तीसगढ़ के उपपीठ प्रमुख घनश्याम माहेश्वरी, पीठ सह प्रमुख मुन्नालाल मोटघरे, पीठ व्यवस्थापक प्रकाश अंगाड़ी सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी, समिति सदस्य और हजारों श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।
<













