कारोबारी के घर से 17 लाख चोरी: दफ्तर जाने से पहले रकम अलमारी में रखी, वापस आया तो गायब मिली; पुलिस ने शुरू की जांच – Raipur News
रायपुर के कटोरा तालाब इलाके में एक कारोबारी के घर से 17 लाख रुपए नकद चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित कारोबारी सुमित ज्वेलर्स और शुभम के मार्ट से जुड़ा हुआ है। मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना में दर्ज कराई गई है। पुलिस के अनुसार, कारोबारी नमित कांकरिया ने बताया कि 28 मार्च की रात उन्होंने 17 लाख रुपए नकद अपने घर की अलमारी में रखे थे। अगले दिन सुबह दफ्तर जाने से पहले भी रकम सुरक्षित थी। लेकिन दोपहर में जब वह वापस घर लौटे तो अलमारी में रखी पूरी रकम गायब मिली। यह देख उनके होश उड़ गए। परिजन भी नहीं देख पाए चोर को कारोबारी ने तुरंत घर में मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी पैसों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। इसके बाद उन्होंने बिना देरी किए सिविल लाइन थाने पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है, ताकि संदिग्धों के बारे में जानकारी मिल सके। घर आने-जाने वालों की जानकारी जुटा रही पुलिस प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि चोरी की वारदात किसी परिचित व्यक्ति द्वारा की गई हो सकती है, जिसे घर और अलमारी में रखी रकम की जानकारी थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।
Source link









