युडी मिंज का फेसबुक पोस्ट देशवासियों की भावनाओं पर हमला, तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज हो” : सालिक साय
जशपुरनगर। पहलगाम आतंकी हमले के बाद कांग्रेस नेता और भूपेश बघेल सरकार में पूर्व संसदीय सचिव रहे युडी मिंज द्वारा सोशल मीडिया (फेसबुक) पर की गई विवादित पोस्ट ने देशवासियों की भावनाओं को गहरी चोट पहुंचाई है। जिला पंचायत जशपुर के अध्यक्ष सालिक साय ने इस पोस्ट की कड़ी निंदा करते हुए इसे देशद्रोह की श्रेणी में आने वाला कृत्य बताया है।
सालिक साय ने कहा कि पहलगाम की घटना में देश ने अपने 26 नागरिकों को खोया है। पाकिस्तान और आतंकवादियों की इस नापाक हरकत ने देश को गम और गुस्से के दौर में झोंक दिया है। ऐसे समय में युडी मिंज का सेना और देश के मनोबल को तोड़ने वाला पोस्ट उनकी निम्न मानसिकता और अवसरवादी राजनीति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आतंकियों को अकल्पनीय सजा देने का संकल्प ले चुके हैं और पूरा देश एकजुट होकर सरकार और सेना के साथ खड़ा है। सेना के पीछे एक अरब से अधिक देशवासियों की दुआ और विश्वास है। हमारी सेना पहले भी अपने शौर्य और साहस से विश्व का नक्शा बदल चुकी है और जरूरत पड़ी तो फिर दुश्मनों को करारा जवाब देगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने कहा कि युडी मिंज जैसे लोग या तो सेना की ताकत से अनभिज्ञ हैं या जानबूझकर राष्ट्रविरोधी मानसिकता के तहत इस तरह की पोस्ट कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि युडी मिंज के खिलाफ तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए और सख्त कार्रवाई हो ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति देश की सेना और शहीदों के सम्मान को ठेस पहुंचाने की हिमाकत न कर सकें।











