विधायक ने सरपंच-उपसरपंच को दिया 1 दिवसीय प्रशिक्षण
सीतापुर | सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार टोप्पो ने मंगलवार को सीतापुर और मैनपाट ब्लॉक के तराई राजापुर क्षेत्र की ग्राम पंचायतों के सरपंचों और उपसरपंचों के लिए एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में पंचायतों को विकसित और आदर्श बनाने के लिए एसएसएसवीआर नीति के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षण में वृक्षारोपण, आधारभूत अधोसंरचना विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और जनसुविधाओं के विस्तार पर चर्चा हुई। विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी तरीके से लागू करने पर जोर दिया। पंचायत प्रतिनिधियों के बीच समन्वय बढ़ाने, जनभागीदारी मजबूत करने और जनहित के प्रति जवाबदेही तय करने के मुद्दे भी उठे। रामकुमार टोप्पो ने एसएसएसवीआर नीति के तहत गांवों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत में महतारी वन नाम से एक बगीचा विकसित करने की पहल पर भी चर्चा की। बताया गया कि सीसीटीवी का उद्देश्य निगरानी व्यवस्था को बेहतर बनाकर सुरक्षित और सुव्यवस्थित पंचायतों का निर्माण करना है।











