भूपेश बघेल पर फर्जी पोस्ट, कांग्रेस का प्रदर्शन: पूर्व सीएम की छवि खराब करने की साजिश का आरोप, एफआईआर की मांग – durg-bhilai News
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित फर्जी और भ्रामक जानकारी फैलाने का मामला राजनीतिक रंग ले चुका है। बुधवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भिलाई-3 थाने पहुंचे। यहां उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह पूर्व मुख्यमंत्री की छवि खराब करने की एक सुनियोजित साजिश है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। प्रदर्शन में महापौर निर्मला कोसरे, सभापति कृष्ण चंद्राकर, सुजीत बघेल और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस को एक ज्ञापन सौंपा और मांग की कि सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो यूट्यूबर्स के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। छवि खराब करने के लिए फर्जी जानकारी फैलाना अपराध वहीं, कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन किसी की छवि खराब करने के लिए फर्जी जानकारी फैलाना गंभीर अपराध है। चरोदा नगर पालिका अध्यक्ष निर्मल कोसरे ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया पर गलत और आधारहीन सामग्री फैलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग मीडिया का गलत इस्तेमाल कर जनप्रतिनिधियों और सार्वजनिक लोगों की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसी गतिविधियां जारी रही, तो कांग्रेस संगठन बड़ा आंदोलन करेगा। निर्मल कोसरे ने सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित चैट का भी जिक्र किया, जिसमें महादेव सट्टा ऐप से जुड़े सौरभ चंद्राकर और भूपेश बघेल के बीच बातचीत का दावा किया गया था। उन्होंने इस सामग्री के स्रोत पर सवाल उठाते हुए मामले में स्पष्टता की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कोई चैट सार्वजनिक की जा रही है तो उसका तथ्यात्मक आधार क्या है। बिना सत्यापन के ऐसी सामग्री प्रसारित करना गलत है। उन्होंने कहा कि मीडिया को जनता तक सत्य और प्रमाणित जानकारी पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। शिकायत में लगाए गंभीर आरोप ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भिलाई-चरोदा के अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कथित फर्जी फोटोशॉप सामग्री और भ्रामक तथ्यों के आधार पर समाचार प्रसारित किया गया। शिकायत में दावा किया गया कि जिस यूजरनेम के नाम पर सामग्री प्रसारित की गई, उसके साथ किसी प्रकार का संदेश आदान-प्रदान ही नहीं हुआ था। आवेदन में आरोप लगाया गया कि यह पूरा घटनाक्रम पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और जनता को भ्रमित करने की मंशा से किया गया प्रतीत होता है। शिकायतकर्ताओं ने मामले की साइबर सेल और तकनीकी विशेषज्ञों से जांच कराने की मांग भी की। डिजिटल फॉरेंसिक जांच की मांग कांग्रेस ने अपने आवेदन में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जांच की मांग की है। इनमें सोशल मीडिया पोस्ट की डिजिटल फॉरेंसिक जांच, वीडियो साक्ष्य, स्क्रीनशॉट, चैट रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल दस्तावेजों की जांच शामिल है। इसके अलावा शिकायत में यह भी मांग की गई है कि यह पता लगाया जाए कि कथित फर्जी सामग्री तैयार करने वाले लोग कौन हैं, इसके पीछे वास्तविक उद्देश्य क्या था और क्या यह किसी राजनीतिक व्यक्ति की छवि धूमिल करने का सुनियोजित प्रयास था। पुलिस ने दर्ज किया मामला छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा थाना पहुंचकर ज्ञापन सौंपा गया है। शिकायत में सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट का उल्लेख किया गया है और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। सीएसपी ने कहा कि शिकायत प्राप्त कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर सागर साहू और पुष्पराज सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
<


.jpg?w=390&resize=390,220&ssl=1)









